एडवोकेट दीपाली पाण्डेय| शादी एक दिन का उत्सव है, लेकिन उसका असर जीवनभर रहता है।भारतीय समाज में विवाह को एक पवित्र और आजीवन संबंध और सात जन्मों का बंधन माना जाता है। परंतु बदलते सामाजिक परिवेश, करियर की व्यस्तता, पारिवारिक दबाव और व्यक्तिगत अपेक्षाओं के कारण आज वैवाहिक रिश्तों में चुनौतियाँ बढ़ती जा रही है। ऐसे में केवल प्रेम या सामाजिक परंपराएं ही पर्याप्त नहीं रह गई हैं।इन्हीं चुनौतियों के समाधान के रुप में प्री-वेडिंग काउंसलिंग प्रक्रिया एक सशक्त और सकारात्मक पहल के रुप में सामने आ रही है।

प्री-वेडिंग काउंसलिंग क्या है?

प्री-वेडिंग काउंसलिंग एक पेशवर मार्गदर्शन प्रक्रिया है जिस में विवाह से पहले बनने वाले दंपती को आपसी संवाद, भावनात्मक समझ, जिम्मेदारियां, अपेक्षाएं और भविष्य की योजनाओं पर खुलकर चर्चा करने का अवसर दिया जाता है।यह काउंसलिंग किसी प्रशिक्षित काउंसलर या मनोवैज्ञानिक दद्वारा की जाती है, जिसका उद्देश्य दंपती को विवाह के लिए मानसिक और भावनात्मक रूप से तैयार करना होता है।

प्री-वेडिंग काउंसलिंग की आवश्यकता क्यों?

आज के समय में वैवाहिक विवाद, तनाव, अलगाव और तलाक के मामलों में वृद्धि देखी जा रही है। इसके पीछे मुख्य कारण होते हैं संवाद की कमी, अपेक्षाओं का टकराव और एक-दूसरे को समझने में असफलता।अक्सर जो सवाल या शंकाएं शादी से पहले पूछी जानी चाहिए थीं, वे शादी के बाद विवाद का कारण बन जाती हैं। प्री-वेडिंग काउंसलिंग इन मुद्दों को समय रहते सामने लाने और सुलझाने में सहायक होती है।प्री-वेडिंग काउंसलिंग के प्रमुख लाभ आजकल अनगिनत विकल्प और सोशल मीडिया के ज्यादा से ज्यादा इस्तेमाल की वजह से और फिल्मों की प्रेम कहानियां देखकर वैसे सपने देखने वाले युवा लड़के और लड़कियां बिना सोचे-समझे शादी कर लेते हैं और फिर दोनों के बीच तालमेल न होने पर कई युगल को अलग होना पड़ता है। इसलिए शादी का फैसला करने से पहले प्री-वेडिंग काउंसलिंग करना आवश्यक है, इसके कई लाभ भी है।

* आपसी समझ का विकास

काउंसलिंग के माध्यम से दोनों साथी एक-दूसरे की सोच, आदतें, मूल्य और प्राथमिकताओं को बेहतर ढंग से समझ पाते हैं।

संवाद कौशल में सुधार

यह प्रक्रिया सिखाती है कि मतभेदों को टकराव में बदलने की बजाय संवाद और सहमति से कैसे सुलझाया जाए।

* अपेक्षाओं की स्पष्टता

करियर, परिवार, आर्थिक जिम्मेदारियां, संतान, व्यक्तिगत स्वतंत्रता जैसे विषयों पर स्पष्टता आती है।

*भावनात्मक मजबूती

दंपती एक-दूसरे की भावनाओं को समझना, सम्मान देना और एक-दूसरे का सहारा बनना सीखते हैं।

* भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयारी

तनाव, असहमति और जीवन में आने वाले बदलावों से मिलकर निपटने की मानसिक तैयारी होती है।

वैवाहिक असफलताओं में कमी

समय रहते समस्याओं की पहचान से रिश्ता मजबूत बनता है और अलगाव की संभावना कम होती है।

* समाज के लिए सकारात्मक संदेश

प्री-वेडिंग काउंसलिंग किसी रिश्ते पर संदेह करना नहीं बताता, बल्कि उसकी मजबूती का एक दृश्यमान प्रमाण है। यह दिखाता है कि दंपती अपने रिश्ते को गंभीरता और जिम्मेदारी से निभाना चाहते हैं। धीरे-धीरे शहरी क्षेत्रों के साथ-साथ छोटे शहरों में भी इस अवधारणा को स्वीकार किया जा रहा है, जो एक स्वस्थ सामाजिक बदलाव का संकेत है।विवाह केवल रीति-रिवाजों का बंधन नहीं, बल्कि दो व्यक्तित्वों, दो परिवारों और दो जीवन द्रष्टियों का मेल है। ऐसे में प्री-वेडिंग काउंसलिंग उस सेतु का काम करती है. जो प्रेम और समझ के बीच संतुलन बनाती है।अंत में,प्यार जरूरी है, लेकिन समझ के बिना वह अधूरा है। प्री-वेडिंग काउंसलिंग एक सुखी दांपत्य की मजबूत नींव साबित हो सकता है।इसी प्रकार के लेख यदि आपको पसंद आते हैं तो कोमेन्ट में अवश्य लिखें।